Wednesday, June 20, 2018

उपन्यास समीक्षा 'छूटी गलियाँ '

(फेसबुक और साहित्य जगत में सीमा भाटिया गंभीर और औचित्य पूर्ण लेखन में जाना पहचाना नाम है। मेरा उपन्यास 'छूटी गलियाँ ' उनकी नजरों से।

आजकल लेखन के साथ साथ पुस्तकें पढ़ने का क्रम भी जारी है। पिछले दिनों "क्षितिज अखिल भारतीय लघुकथा समारोह" में Kavita Verma  जी से मिलने का सुअवसर मिला और उनके द्वारा लिखित पहला उपन्यास "छूटी गलियाँ" भी। पढ़ने से पहले तक इसी संशय में थी कि कोई रूमानी उपन्यास होगा। पर कल जो हाथ में लिया, तो पहले अध्याय से ही एकदम नए और अछूते कथानक के साथ ऐसा तारतम्य बना कि समाप्त कर के ही उठी इसे। विदेश में धन कमाने की लालसा एक इंसान को अपने परिवार से कैसे दूर कर देती है, और वहां की चकाचौंध और बच्चों की महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति में वह सब पीछे छूट जाता है जिसे पारिवारिक खुशी कहते हैं। ऐसे हालात में पत्नी और बच्चों की मनोव्यथा और बाद में सब कुछ छूट जाने की पीड़ा एक अनचाहे पश्चाताप से भर देती है नायक के मन को और वह उसी परिस्थिति में जी रहे एक मासूम को वह खुशी देने की कोशिश करता है जिसके अभाव में उसका अपना बेटा मानसिक तनाव में जूझता हुआ संघर्ष कर रहा  बाहर आने के लिए। खून के रिश्तों के अतिरिक्त भी स्नेह के रिश्ते होते और कई बार उनसे भी ज्यादा मजबूत सिद्ध होते हैं। बहुत ही मनोवैज्ञानिक विश्लेषण के बाद लेखिका ने पूरा तानाबाना बुना है उपन्यास का और इस क्षेत्र में वह पूरी तरह सक्षम प्रतीत होती हैं।

हर पात्र के चरित्र को उसके अंतर्द्वंद्व के माध्यम से और भी सशक्त रूप से उकेरने में सफल रही हैं कविता जी। अंत के एकाध अध्याय में कुछ जगह नेहा और मिस्टर सहाय के अंतरद्वंद्व में confusion महसूस होती पाठक के तौर पर, पर यह कमी ज्यादा नहीं खलती पूरे उपन्यास को देखते हुए। सारा उपन्यास एक अनूठी शैली में लिखा गया है और शुरुआत से अंत तक रोचकता बनाए रखता है। पारिवारिक रिश्तों में जरूरी संवाद की कमी और आपाधापी के इस युग में सिर्फ धनार्जन के लिए परिवार की उपेक्षा करने के दुष्परिणाम की ओर सचेत करता यह उपन्यास लेखिका का पहला प्रयास होने के बावजूद एक बहुत बड़ी सफलता है। आशा है कि आगे भी ऐसी और भी कृतियों को पढ़ने का सौभाग्य मिलता रहेगा।
सीमा भाटिया 

Friday, June 15, 2018

लघुकथा सम्मेलन 2

अखिल भारतीय लघुकथा सम्मेलन के दूसरे दिन का शुभारंभ महेंद्र पंडित द्वारा स्वस्ति वाचन के साथ माँ सरस्वती को माल्यार्पण से हुआ। आज के मुख्य अतिथि श्री बलराम वरिष्ठ कथाकार प्रधान संपादक लोकायत पाक्षिक पत्रिका दिल्ली , विशेष अतिथि श्री श्रीराम दवे कार्यकारी संपादक समावर्तन उज्जैन और श्री राकेश शर्मा संपादक वीणा इंदौर थे। कार्यक्रम सम्मान समारोह और पुस्तक विमोचन के रूप में शुरू हुआ। 

अनघा जोगलेकर के उपन्यास अश्वत्थामा का लोकार्पण श्याम सुंदर दीप्ति की लघुकथा पत्रिका प्रतिमान लघुकथाओं के मराठी अनुवाद की पत्रिका 'भाषा सखी ' आदि का विमोचन हुआ। 
लघुकथा शिखर सम्मान श्री बलराम अग्रवाल दिल्ली का क्षितिज संस्था के सदस्य डॉ अखिलेश शर्मा द्वारा शॉल श्रीफल अंग वस्त्र मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र द्वारा किया गया। आपको सम्मान राशि भी प्रदान की गई। 
लघुकथा समालोचना सम्मान 2018 श्री बी एल आच्छा जी चेन्नई को मिला। 
लघुकथा नवलेखन सम्मान कपिल शास्त्री भोपाल 
क्षितिज लघुकथा कला सम्मान संदीप राशिनकर को  रेखांकन और चित्रांकन के लिए और नंदकिशोर बर्बे  को नाट्य कर्म के लिए प्रदान किया गया। 
क्षितिज लघुकथा विशिष्ट सम्मान श्री बलराम को प्रदान किया गया। 
इसके अलावा श्री योगराज प्रभाकर सतीशराज पुष्करणा भगीरथ परिहार सुभाष नीरव अशोक भाटिया कांता रॉय को लघुकथा विशिष्ठ सम्मान से सम्मानित किया गया। अनघा जोगलेकर और किशोर बागरे जी को उनके बनाये पोस्टर और चित्रकारी के लिए सम्मानित किया गया। 
लघुकथा साहित्य पत्रकारिता सम्मान इंदौर के पत्रकार श्री रविंद्र व्यास को दिया गया। 

इस अवसर पर बोलते हुए बलराम अग्रवाल ने कहा साहित्य का मूल कर्म जिज्ञासा पैदा करना है। परकाया प्रवेश कर लेखक वह कर सकता है जो वह करना चाहता है। लघुकथा की छोटी काया है उसमे अन्य संकोचन नहीं हो सकता। लेखन व्यवसाय नहीं व्यसन है।
 
सम्मान समारोह की अगली कड़ी में श्री योगराज प्रभाकर अशोक भाटिया कांता राय सतीश राज पुष्करणा भगीरथ परिहार सुभाष नीरव जी को क्षितिज लघुकथा सम्मान से सम्मानित किया गया। 
इस अवसर पर डॉ शैलेन्द्र शर्मा ने अतिथियों को बधाई और आयोजन के लिए शुभकामनायें प्रेषित कीं। आपने इस आयोजन को लघुकथा का महाकुंभ कहा। आपने कहा लघु पर जब चिंतन होता है तो बहुत सारी चिंताएं हमारे समक्ष आती हैं। आपने कहा कि जिस तरह मंदिर की घंटी की गूंज देर तक गूंजती रहती है वैसी ही गूँज लघुकथा की होना चाहिए। लघुकथाकारों को सहानुभूति के साथ समाज के सरोकारों से जुड़ना चाहिए। लघुकथाकार भी शिल्पी हैं और इन्हें अपने अंदर के लोक कथाकार को जगाने की जरूरत है और ऐसे आयोजन यह काम बखूबी करते हैं। 


आज के पहले सत्र और आयोजन के चतुर्थ सत्र में लघुकथा लोकप्रियता और गुणवत्ता के बीच अंतर्संबंध एवं पाठकों के मध्य सेतु निर्माण पर बोलते हुए श्री बलराम ने कहा चालीस साल से लघुकथा लघुकथा सुन रहा हूँ अब लघुकथाकार को कारीगर बनना होगा तभी वह शिखर तक पहुँचेगा। कथाकार मूर्तिकार चित्रकार कोई यूँ ही नहीं हो जाता उसके लिए साधना करनी पड़ती है। जब तक रचना कलात्मक नहीं होगी तब तक वह ऊंचाइयों पर नहीं पहुँचेगी। विधाएँ हमारे अंतर से निकलती हैं इसलिए विरोध से घबराना नहीं चाहिए क्योंकि आलोचना के बिना विकास संभव नहीं है। जो लेखक पाठकों और आलोचकों का सामना करने में माहिर होते हैं एक वर्ग उन्हें महान मानता है तो दूसरा वर्ग जो लोकजन की अनुभूतियों को लिखते हैं उन्हें महान मानते हैं। अच्छे लेखक मध्य मार्ग से आते हैं। 

आपने शहर के साहित्यकार चैतन्य त्रिवेदी की दो लघुकथाओं खुलता बंद घर और जूते और कालीन का जिक्र करते हुए उनकी समीक्षा की और एक कथा में आदमी और दूसरे में समाज की महत्ता को प्रतिपादित करने को इंगित किया। 

चर्चाकार श्रीमती संध्या तिवारी ने अपनी बात रखते हुए कहा कि हमारे समकालीन लघुकथाकार बहुत अच्छा लिख रहे हैं और विविध विषयों पर लिख रहे हैं और संवेदनाओं के द्वारा पाठकों से जुड़े भी हैं। 
दूसरे चर्चाकार श्री सतीश राठी ने कहा कि यदि लघुकथा के संप्रेषण में भोथरापन है तो वह पाठकों से सेतु नहीं बना सकती। तुलसी की चौपाइयां अनपढ़ व्यक्ति भी पढता है और यही उसकी लोकप्रियता है गुणवत्ता है और पाठकों से उसका संबंध स्थापित करता है। 
इस सत्र में भी लघुकथाकारों ने लघुकथा पाठ किया और उनकी विभिन्न आयामों से समीक्षा की गई। 

अगले सत्र में चित्र आधारित लघुकथाऐं बनाम स्वयं स्फूर्त लघुकथाएं पर बीज वक्तव्य देते कांता राय ने कहा लघुकथा लेखन के लिए कोई प्रेरणा आवश्यक है फिर वह चित्र या शीर्षक ही क्यों न हो। लेखन के लिए रोजमर्रा की परेशानियां भी सृजन की संभावना पैदा करती हैं। अवचेतन में दबी संवेदनाएं चित्र या शीर्षक देख जीवित हो जाती हैं जो लेखन में सहायक होता है इस चिंतन को सृजन में उपयोग कर कथ्य को उभारा जाता है। स्वयं स्फूर्त लेखन के नाम पर सृजन से दूर होने से कोई प्रेरणा होना बेहतर है। 
चर्चाकार अंतरा करवडे ने दोनों का तुलनात्मक विवरण प्रस्तुत किया और स्वयं स्फूर्त रचना मस्तिष्क को उर्वर करती है इससे सृजन का सुख महसूस होता है जबकि विषय आधारित में अनुभव और जानकारी को विषय के आसपास लाया जाता है। 
सुभाष नीरव जी ने कहा 21 वीं सदी में लघुकथा में लोग जुड़ रहे हैं। लेखन का दबाव स्वस्फूर्त होता है खुले आकाश में स्वतंत्र रचनाएँ पैदा होती हैं जबकि विषय पर लेखन ऐसा है मानों एक खिड़की खोल दी हो कि इसमें से जितना आसमान दिख रहा है उस पर लिखो। 
इस सत्र में लघुकथाओं पर बात करते हुए कविता वर्मा ने कहा की साहित्य का काम समाज में संवेदना जगाना होता है इस संवेदना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए और इसलिए लगातार लिखना जरूरी है। 

अंतिम सत्र में वैश्विक क्षितिज के साथ नई जमीन की तलाश विषय पर बात करते हुए श्याम सुंदर दीप्ति ने कहा यह बाजार वाद वैश्वीकरण का दौर है। पहले व्यक्ति साल में जीता था और अब क्षण क्षण में जी रहा है। पूर्व में जो विषय लिखे गए वह कैसे लिखे और वर्तमान में कैसे लिखे जा रहे हैं इसका अध्ययन करने की आवश्यकता है।  मनोवैज्ञानिक दृष्टी से तो देखना होगा साथ ही अर्थशास्त्रीय दृष्टी से भी तर्क करना होगा। जिज्ञासा व्यक्ति को आगे बढाती है। 
वक्तव्य पर चर्चा करते हुए सतीश राज पुष्करणा ने आज की वैश्विक समस्याओं का जिक्र करते हुए नए विषयों पर प्रकाश डाला। आपने पर्यावरण जनसँख्या नारी शोषण जैसी विसंगतियों की चर्चा करने के साथ ही खेती की कम होती जमीन, युवाओं का पलायन, शस्त्र बाजार, आतंकवाद, स्त्री का सही स्पेस, जैसे विषयों पर लिखने पर जोर दिया। 
अशोक भाटिया ने कहा कि एक विषय पर अनेक आयामों से लघुकथाएं लिखी जा सकती हैं और इसके लिए अध्ययन का दायरा बढ़ाने की जरूरत है। आपने घटना की गुलामी करना छोडने और घटना का पुनर्निर्माण करने की जरूरत पर बल दिया। कई वैश्विक लघुकथाकारों के उद्धरण देते हुए आपने अपनी बात स्पष्ट की जिसमें खलील जिब्रान की लघुकथा आदमी की पर्तें प्रमुख है। 
समारोह के समापन अवसर पर क्षितिज के लिए काम करने वाले वालेंटियर्स और परिवारों का सम्मान किया गया। माहेश्वरी भवन के ट्रस्टी लाइट साउंड केटरिंग वालों आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की औपचारिक घोषणा की गई। 

दो दिवसीय इस कार्यक्रम में अतिथियों को लाने छोड़ने रहने खाने नाश्ते की स्तरीय व्यवस्था सम्मलेन स्थल पर की गई थी। आयोजक क्षितिज संस्था के सदस्यों के साथ ही सतीश राठी जी का पूरा परिवार भी इस व्यवस्था में लगा रहा। कहीं कोई अव्यवस्था या हड़बड़ाहट देखने को नहीं मिली। लघुकथा के विभिन्न आयामों पर सारगर्भित सत्रों ने लघुकथाकरों को समृद्ध किया तो सोशल मीडिया पर जुड़े लघुकथाकारों को आपस में मिलने जुलने का मौका भी उन्हें मिला जिससे उनके बीच आत्मीयता बढ़ी। खूबसूरत फोटो के माध्यम से सभी खूबसूरत यादें अपने साथ ले गए।

( इस रिपोर्ट या इसके किसी भी अंश का लेखक की अनुमति के बिना कहीं भी किसी भी तरह का उपयोग वर्जित है। ) 


कविता वर्मा 

Thursday, June 14, 2018

लघुकथा सम्मेलन 1

क्षितिज लघुकथा सम्मेलन का उद्घाटन माहेश्वरी भवन में दो जून को सुबह हुआ। वर्षा टावरी द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई । अतिथि श्री बलराम श्री बलराम अग्रवाल श्री बी एल आच्छा श्री सतीशराज पुष्करणा ,श्री श्याम सुंदर दीप्ति एवं श्री सूर्यकांत नागर  द्वारा सरस्वती को माल्यार्पण कर समारोह के शुभारंभ और सुचारु संचालन हेतु आशीर्वाद प्राप्त किया गया। क्षितिज के अध्यक्ष श्री सतीश राठी द्वारा शब्दाहार से अतिथियों का स्वागत किया गया तत्पश्चात संचालन करते हुए श्री पुरुषोत्तम दुबे ने संस्था के सदस्यों से सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ से स्वागत करने का आव्हान किया। 
उद्घाटन सत्र के प्रथम सोपान में विभिन्न पत्र पत्रिकाओं का लोकार्पण किया गया।
क्षितिज संस्था के पैतीस वर्षों की यात्रा को एक पत्रिका के रूप में सहेजा गया जिसमे पत्रिका का प्रारंभिक स्वरुप पत्रिका के लिए फण्ड और विज्ञापन जुटाने के प्रयास उस समय की गोष्ठी आयोजन वरिष्ठ साहित्यकारों से मुलाकातें अख़बारों में क्षितिज की खबरों को फोटोग्राफ के रूप में सहेजा गया है। इसी अंक में लघुकथा की विभिन्न पत्रिकाओं की जानकारी उनमे प्रकाशित चुनिंदा लघुकथाओं की विवेचना लघुकथाओं पर आलेख समीक्षा आदि भी शामिल हैं। 'क्षितिज सफर पैंतीस वर्षों का' का लोकार्पण श्री बलराम जी द्वारा और क्षितिज पत्रिका के ताज़ा अंक का विमोचन श्री बलराम अग्रवाल जी द्वारा किया गया। क्षितिज का यह अंक 2011 से 2017 के मध्य रची गई लघुकथाओं से सजा है। इस अंक में विशिष्ट लघुकथाकार के रूप में श्री श्याम सुन्दर दीप्ति जी की पाँच लघुकथाओं को शामिल किया गया है। 

इस अवसर पर बलराम अग्रवाल की पुस्तक परिंदों के दरमियान का विमोचन हिंदी साहित्य समिति के प्रधानमंत्री श्री सूर्य प्रकाश चतुर्वेदी जी द्वारा रामकुमार घोटड की पुस्तक 'स्मृति शेष' अपना प्रकाशन भोपाल द्वारा प्रकाशित पुस्तक  ' ठहराव में सुख कहाँ' मासिक लघुकथा अखबार 'लघुकथा टाइम्स' जाॅन मार्टिन की 'सब खैरियत है' का लोकार्पण भी किया गया। 
लघुकथा को चित्रांकन और कोलाज के द्वारा खूबसूरत अभिव्यक्ति दी गई है। गुड़गांव की अनघा जोगलेकर द्वारा लघुकथाओं को खूबसूरत चित्रों के माध्यम से और कैलाश बागरे द्वारा कोलाज और चित्रांकन द्वारा उकेरा गया। जूट के विशाल केनवास पर मालवी मांडा के खूबसूरत पैनल की बॉर्डर से रेखांकित इस पोस्टर प्रदर्शनी का उद्घाटन और लोकार्पण श्री सुभाष नीरव और श्री बी एल आच्छा ने किया। लगभग चालीस पोस्टरों के माध्यम से कई लघुकथाओं को प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर श्री किशोर बगरे जी का पुष्प गुच्छ से स्वागत किया गया। 
इसी अवसर पर एक बुक स्टॉल पर विभिन्न प्रतिभागियों की पुस्तके विक्रय हेतु रखी गईं। हाल ही में प्रकाशित लघुकथा संग्रह और साझा संग्रह एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाने का यह प्रयास सराहनीय था।   इसका उद्घाटन श्री अशोक भाटिया द्वारा किया गया। 
इंदौर के बाहर से आये अतिथियों को इंदौर के बारे में बताये बिना इस सम्मेलन की परिकल्पना पूर्ण नहीं होती और न ही क्षितिज की पूरी जानकारी को इतने कम समय में उन तक पहुंचाया जा सकता है। अनुध्वनि द्वारा इस सब को एक वृत चित्र के द्वारा प्रस्तुत किया जिसमें इंदौर के राजवाडा छत्री सराफा कपड़ा मार्केट आदि की झलक के साथ क्षितिज के सहभागी साथियों के विचारों की झलक थी। क्षितिज संस्था के पुराने साथी श्री अशोक शर्मा भारतीय इस समय देश से बाहर हैं उन्हें और उनके योगदान को याद कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। 

मुख्य अतिथि लोकायत पत्रिका के संपादक बलराम जी ने अपने वक्तव्य में खुशी जाहिर करते हुए कहा कि साहित्य अकादमी ने लघुकथा को मान्यता दी है और चार साहित्यकारों को अकादमी में लघुकथा पाठ के लिए आमंत्रित किया और यही लघुकथा की स्वीकार्यता है।
आपने कहा प्रेमचंद ने इसे गद्य काव्य की संज्ञा दी तो अज्ञेय ने इसे छोटी कहानी कहा । अंतर सिर्फ नाम का है। आपने काव्यात्मक और अकाव्यात्मक लघुकथा लिखने वाले रचनाकारों के नाम का उल्लेख करते हुए इसके महत्व को प्रतिपादित किया।चैतन्य त्रिवेदी के लघुकथा संग्रह उल्लास का जिक्र करते हुए आपने कहा कि इनकी लघुकथाओं में काव्य तत्वों की अधिकता ने अतिरिक्त आभा सौंपी है। 
लघु कथा में गद्य पर काव्य दोनों का समावेश स्वीकार्य है। लघुकथा लिखने के लिए भी परकाया प्रवेश आवश्यक है। लघुकथा में लघुकहानी की विडम्बना से घबराने की आवश्यकता नहीं है। नै पीढ़ी में दीपक मशाल संध्या तिवारी संतोष सुपेकर अनघा जोगलेकर शोभना श्याम में लघुकथा को दूर तक ले जाने की ताकत है। रमेश बत्रा सतीश दुबे सुरेश शर्मा पुणताम्बेकर मोहन राकेश कुलदीप जैन की लघुकथाएं पढ़े जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।  आपने बताया कि लघुकथा को स्थापित किये जाने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि वह पहले से ही स्थापित है प्रेमचंद परसाई सानी जी इसे पहले ही स्थापित कर गए हैं।  माधव राव सप्रे की लघुकथा टोकरी भर मिटटी को पहली लघुकथा माना जाता है। राजेंद्र यादव जो लघुकथा को विधा ही नहीं मानते थे उन्होंने भी अंततः लघुकथा कोष की भूमिका लिखी और हंस में लघुकथाओं को स्थान दिया। 
आपने लघुकथाकारों को अन्य विधाओं में पढ़ने और लिखने पर भी जोर दिया और अन्य विधाओं में स्थापित लेखकों नरेंद्र कोहली नागर जी चित्रा मुद्गल सतीश दुबे सुभाष नीरव असगर वजाहत सुरेश उनियाल हरीश नवल रामेश्वर कम्बोज नासिरा शर्मा दामोदर दीक्षित आदि ने साहित्य की अन्य विधाओं में भी लिखा। मध्य भारत हिंदी साहित्य समिति के प्रधान मंत्री श्री सूर्यप्रकाश चतुर्वेदी ने कहा कि कोई भी विधा छोटी नहीं होती। 
उद्घाटन सत्र के समापन पर वसुधा गाडगीळ ने आभार मन। इस अवसर पर उर्मि शिरीष का सन्देश भी पढ़ कर सुनाया गया। 
पहले सत्र में श्री बलराम अग्रवाल ने लघुकथा कितनी पारंपरिक कितनी आधुनिक पर बात करते हुए कहा कि लघुकथा ने अब मजबूती पा ली है समाज में जो चलन में है वह गाह्य होकर परंपरा बन जाती है ोे रीति रिवाज संस्कार में से आते हैं। लेकिन लघुकथा में कथ्य में नवीनता होना आवश्यक है। िषय वास्तु नई होगी तो कथ्य भी नवीन होगा। 

चर्चा कार चैतन्य त्रिवेदी ने कहा कि लघुकथाकार को समकालीनता की हकीकत स्वीकार करना होगा। लघुकथा में परंपरा एक प्रकाश से दूसरे प्रकाश के रूप में जाती है इसमें शब्द और शक्ति का रिश्ता कद और परछाई का रिश्ता है। हमारा कद ही हमारी परछाई है। लघुकथा में आज जो दबाव देखने में आ रहा है वह 90 के दशक के बाद आया है। कोई भी लघुकथा कार लगातार नहीं लिख सकता और इस अंतराल का दबाव भी उसे ही सहन करना पड़ता है। 
वहीं श्री पुरुषोत्तम दुबे ने बताया कि आधुनिकता निरंतर है और इसके अभाव में परंपरा जड़ रूढि बनकर रह जायेगी। इसी तरह परंपरा विहीन आधुनिकता खड़ी नहीं रह सकती। इसलिए परंपरा आवश्यक है। परंपरा मरती नहीं लक्षित रहती है और नवीनता को जन्म देती है। समय और परिस्थिति के अनुसार लघुकथा का स्वरुप बदला है और भाषा सर्वथा गतिमान रही। शिल्प भाषा शैली का द्योतक है। लघुकथा कथ्य और शिल्प भी है वह केवल भाषा नहीं है। 


दूसरे सत्र में हिंदी लघुकथा बुनावट और प्रयोगशीलता पर बीज वक्तव्य देते हुए श्री अशोक भाटिया ने कहा लघुकथा जितनी चर्चित है उतनी ही विवादास्पद उपेक्षित और सवालों के घेरे में है। काव्य संक्षिप्त और सूक्ष्मता की ओर बढ़ता है जबकि गद्य  का वर्णन करने से विस्तार होता है। गद्य विस्तार मांगता है। गद्य में संक्षिप्तता होना ठीक नहीं लेकिन उसमें अनावश्यक विस्तार नहीं होना चाहिए। 
बुनावट और प्रयोगशीलता का प्रश्न अलग अलग नहीं है हमारी सोच गणनात्मक साँचे में ढल गई है लघुकथा के लिए वर्णनात्मक बुनावट को छोड़ना होगा। लिखना विलास की वस्तु नहीं है साहित्य सामाजिक चेतना का जीवंत मार्ग है हर रचना को चुनौती रूप में लें। रचना में बुनावट हो सौंदर्य हो यथार्थ पर आधारित हो इसमें कल्पना जुड़ती है टूटती है फिर जुड़ती है। खरा साहित्य वह है जो हमें गति दे संघर्ष दे। 
प्रयोगशीलता वह है जो पाठक की संवेदना को झकझोर दे। पहले हमारे भीतर उस संवेदना को उतरना होगा। प्रेमचंद ने कहा था खरा साहित्य वही है जो हमें बैचेनी दे गति दे सुलाए नहीं इसलिए पाठक बनकर अपनी रचना को देखें। पाठक रोचकता के साथ कहानी माँगता है।

लघुकथा में न्यूनोक्ति (under statement ) अर्थात अंत तक बात को छुपाये रखना बेहद जरूरी है। रमेश बत्रा (बीच बाजार ) युगल ( मातम ) कथाओं का जिक्र करते हुए आपने कहा यथार्थ के दवाब से नया प्रयोग होगा। इसी कड़ी में विष्णु नागर की किताब ईश्वर की कहानियाँ मुकेश वर्मा की मुक्त करो वैचारिक बुनावट की कथाएं हैं जिसमे विचार केंद्र में हैं। व्यंग्यात्मक बुनावट की हरिशंकर परसाई जी की कथाएं व्यंग्य को बुनती हैं या व्यंग्य रचना को बुनता है। उन्होंने तर्क वितर्क से बुनावट समावेशी बुनावट काव्यात्मक बुनावट फैंटेसी बुनावट प्राचीन संदर्भों से बुनावट आदि का उल्लेख किया। 

सीमा जैन ने चर्चा करते हुए कहा कि प्रयोग के बिना जीवन अधूरा है प्रयोग के बिना जीवन में नयापन नहीं दे पाएंगे उन्होंने कुछ कथाएं 'स्त्री कुछ नहीं करती ' राजा अँधा है ' के उदाहरण देकर अपनी बात को स्पष्ट किया। आपने कहा पढना लिखना भी आवश्यक है लेकिन मौलिकता बनी रहे। 

योगराज प्रभाकर जी ने लघुकथा के लिए दृष्टि विकसित करने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कथानक प्लाट है तो शिल्प आर्किटेक्ट लेकिन आँख और कान खुले रखने पडेंगे। आपने कहा कि अगर बुनावट ढीली रह गई तो प्रयोग किस पर करेंगे। 


तीसरे सत्र में आलोचना मापदंड और अपेक्षाएं पर वक्तव्य देते हुए श्री बी एल आच्छा जी ने कहा कि आजतक काव्य शास्त्र कितना बदला है उस पर कोई प्रश्न नहीं उठाता। अगर लघुकथाकार भी शब्द और ध्वनि विज्ञानं से जुड़ें तो बुनावट जोरदार होगी। शीर्षक से पूरी लघुकथा ध्वनित होती है इसलिए शीर्षक पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। अच्छी कविता तनावों को बुनती है तो लघुकथाकार भी शब्दों व तनावों को लघुकथा रूप में बन सकता है। हर अच्छा रचनाकार अपनी भाषा का अपनी कविता का अतिक्रमण करता है और लघुकथाकार को भी नए विषयों की ओर जाने की आवश्यकता है। 

चर्चा करते हुए श्री सूर्य कांत नागर  जब भी साहित्य का मूल्यांकन होता है वह विश्वसनीय होना चाहिए। लघुकथा की समीक्षा में प्रशंसा अधिक और आलोचना काम होती है। आलोचना रचना का सफर तय करती है। आलोचक तभी न्याय कर सकता है जब वह रचनाकार की पीर को समझे। काशीनाथ सिंह ने कहा आलोचना भी रचना है। आपने कहा कई लघुकथाएं सांकेतिक और  बौद्धिक होती हैं लेकिन इनमें भी कथानक में प्रासंगिकता होनी चाहिए। कथानक में यथार्थ का होना आवश्यक है। 

इसी विषय पर चर्चा करते हुए श्री भगीरथ परिहार जी ने कहा कि आलोचना अलग अलग रूपों में होती है। पाठक आलोचना नहीं पढ़ता। पाठक रचना सार्थक या निरर्थक बता सकता है। आलोचना शोधार्थी के लिए सार्थक है और कुछ हद तक लेखक के आगे होने वाले सृजन के लिए मार्गदर्शन है। लघुकथा एक सुगठित विधा है वह कसी हुई होना चाहिए उसमे अनावश्यक विस्तार नहीं होना चाहिए क्योंकि यह लघुकथा के सौंदर्य में रूकावट लाता है। लघुकथा में उपसंहार नहीं होना चाहिए और जो घटनाएं ले रहे हैं उसमे संक्षिप्तिकरण होना चाहिए। लघुकथा में छोटे वाक्य अधिक आकर्षक होते हैं। लघुकथा में कथ्य सशक्त होना चाहिए और वह अभिव्यंजनात्मक और सटीक होना चाहिए। आपने कहा लघुकथा की वर्तमान स्थिति ठीक नहीं है और आलोचना का अर्थ सभी को खुश करना नहीं है। 

कार्यक्रम के अंतिम चरण में पथिक नाट्य संस्था द्वारा 17 लघुकथाओं का नाट्य रूपांतरण प्रस्तुत किया गया। बलराम अग्रवाल अशोक भाटिया सतीश राठी महेश सुरेश बजाज सतीश दुबे आदि अनेक लघुकथाकारों की लघुकथाओं को नाटक रूप में प्रस्तुत किया गया। 



कविता वर्मा 
l

Wednesday, June 6, 2018

जरूरी है बारिश का पानी सहेजना

कल विश्व पर्यावरण दिवस पर सिरपुर तालाब पर नेचर वालेंटियर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मैंने भी बारिश के पानी को सहेजने के बारे में कुछ बिंदु बताए।

हमने घरों में कच्ची जमीन नहीं छोडी छत पर गिरने वाले पानी को ड्रेनेज में बहा देते हैं जिससे कम वर्षा में नदी नालों में बाढ़ आ जाती है और पानी बर्बाद होता है।

बड़े मैदानों में गाडियों की आवाजाही से जमीन ठोस हो गई है जिससे पानी अंदर नहीं जा पाता बल्कि बह जाता है।

जमीन की गहराई में पानी न जाने के कारण जमीन का तापमान बढ़ रहा है इसलिए गर्मी बढ़ रही है और पेड़ लगाने पर बहुत देखभाल करना पड़ती है।

बारिश के पानी को रोकने सहेजने के उपाय बहुत आसान और सस्ते सरल हैं। बस यह सोचिये कि इसमें जो कुछ सौ हजार रुपये आप खर्च कर रहे हैं वह आपके बच्चों के लिए विरासत है।

घर के सामने अगल-बगल खाली प्लॉट को साफ करवा कर कुदाली से खुदवा दीजिए। जमीन में बारिश का पानी आसानी से समा जायेगा।
सड़क पर बहते पानी को कच्ची जमीन की तरफ मोड़ दें।
पानी के बहाव के रास्ते में 4*4*4फीट के गढ्ढे करवा कर उनमें आसपास पडे ईंट पत्थर भरवा दें (ताकि कोई दुर्घटना न हो)। बारिश का पानी आसानी से जमीन में समा कर ग्राउंड वॉटर लेवल बढायेगा।

याद रखें आपके यहाँ ट्यूब वेल नहीं है फिर भी जमीन में पानी जाने की जुगत लगाएं क्योंकि इससे जमीन ठंडी होगी और गर्मी कम।
कविता वर्मा

नर्मदे हर

 बेटियों की शादी के बाद से देव धोक लगातार चल रहा है। आते-जाते रास्ते में किसी मंदिर जाते न जाने कब किस किस के सामने बेटियों के सुंदर सुखद जी...